सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद में कानून का राज स्थापित करने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए सीतापुर पुलिस ने जोरदार अभियान छेड़ा है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए गए विशेष धरपकड़ अभियान के तहत जिले भर की पुलिस टीमों ने ताबड़तोड़ दबिश देकर 40 वांछित व वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
सीओ के निकट पर्यवेक्षण में थानों की टीमों ने न्यायालय से जारी वारंटों और दर्ज मुकदमों के आधार पर यह कार्रवाई की। इस अभियान में सिधौली कोतवाली पुलिस ने सबसे बड़ी सफलता हासिल करते हुए विभिन्न मामलों में वांछित 10 वारंटियों को दबोचा। वहीं तालगांव पुलिस ने आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस एक्ट में वांछित समेत 7 अभियुक्तों को पकड़ा।
इसके अलावा रामपुर मथुरा और पिसावां पुलिस ने 4-4, महमूदाबाद और बिसवां पुलिस ने 3-3, जबकि नैमिषारण्य, कोतवाली देहात व रेउसा पुलिस ने 2-2 वारंटियों को गिरफ्तार किया। सदरपुर व नगर कोतवाली पुलिस के हाथ भी 1-1 वारंटी लगा।
कार्रवाई के दौरान रामपुरकलां पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली, जहां चोरी के सोलर पैनल तारों के साथ शातिर चोर राजपाल को दबोचा गया। पुलिस के अनुसार, राजपाल पर जिले के कई थानों में करीब दो दर्जन संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए यह अभियान आगे भी अनवरत जारी रहेगा। सभी 40 गिरफ्तार अभियुक्तों का चालान कर न्यायालय में पेश किया गया है।




0 टिप्पणियाँ